पटना: बिहार के बक्सर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा की घोषणा हुई है। मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी की दूसरी सूची में शामिल किया गया, जो 15 अक्टूबर 2025 को जारी हुई।
कौन हैं आनंद मिश्रा?
आनंद मिश्रा बिहार के भोजपुर जिले के पड़सौरा गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता कोलकाता में हिंदुस्तान मोटर्स में इंजीनियर थे, जिसके कारण उनकी परवरिश और शिक्षा कोलकाता में हुई।
उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और उसके बाद सिविल सर्विस की तैयारी में लग गए। महज 22 साल की उम्र में आनंद ने UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 225 प्राप्त कर सिविल सेवा में सफलता हासिल की। वे RSS के बाल स्वयंसेवक रहे हैं और आज भी संघ की विचारधारा से जुड़े हुए हैं।
पुलिस सेवा में उपलब्धियां –
असम में पोस्टिंग के दौरान आनंद मिश्रा ने ड्रग माफिया और नक्सलियों पर कड़ी कार्रवाई की, जिसके कारण वे चर्चा में आए। उन्होंने गारो हिल्स क्षेत्र से नक्सलियों का सफाया किया और मणिपुर हिंसा की जांच के लिए गठित विशेष टीम में भी शामिल किए गए। उनकी पहचान एक “एनकाउंटर स्पेशलिस्ट” और “असम के सिंघम” के रूप में हुई। उन्होंने 16 जनवरी 2024 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली।
राजनीतिक करियर –
आनंद मिश्रा को 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने बक्सर से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें 47,409 वोट मिले और वे चौथे स्थान पर रहे।
जुलाई 2024 में उन्होंने जनसुराज अभियान का समर्थन किया और अक्टूबर 2024 में जनसुराज पार्टी में शामिल हुए। 19 दिसंबर 2024 को उन्हें जनसुराज पार्टी के युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जनवरी 2025 में उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं के साथ 20,000 किलोमीटर लंबी बाइक रैली निकाली, जिसके माध्यम से कई जिलों और विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया गया।
मई 2025 में उन्होंने युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया और अगस्त 2025 में जनसुराज पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया। 19 अगस्त 2025 को आनंद मिश्रा ने फिर से बीजेपी जॉइन की। 15 अक्टूबर 2025 को जारी हुई बीजेपी की दूसरी सूची में उनका नाम शामिल किया गया।
अब आनंद मिश्रा बक्सर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं, और उनका यह राजनीतिक सफर युवा मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
Story coveted by Sundram Singh

