जॉली LLB 3 एक ब्लैक कॉमेडी लीगल-ड्रामा फिल्म है, जिसके लेखक और निर्देशक दोनों ही सुभाष कपूर हैं। फिल्म 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। इस फिल्म में अक्षय कुमार, अरशद वारसी, सौरभ शुक्ला, हुमा कुरैशी, अमृता राव, अन्नू कपूर, बोमन ईरानीऔर संजय मिश्रा जैसे कलाकार नज़र आएंगे। इनमें से कई कलाकार पहले ‘जॉली एलएलबी’ और ‘जॉली एलएलबी 2’ में भी अपनी भूमिकाएं निभा चुके हैं।
विवाद और आपत्तियाँ
फिल्म का विषय कोर्ट और वकीलों की ज़िंदगी से जुड़ी चुनौतियों को व्यंग्य और कॉमेडी के अंदाज़ में दिखाना है। हालांकि, कुछ वकीलों ने ट्रेलर और गीत ‘भाई वकील हैं’ पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इससे वकीलों और न्यायपालिका की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है।
याचिकाकर्ताओं की मांगें
याचिकाकर्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म की रिलीज़ रोकने, गीत हटाने, सीबीएफसी प्रमाणपत्र रद्द करने और फिल्म निर्माताओं से माफ़ी मंगवाने की मांग की। उनका तर्क था कि इस तरह की प्रस्तुति वकीलों की गरिमा को ठेस पहुँचाती है और छात्रों को वकालत पेशे से दूर कर सकती है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला
न्यायमूर्ति संगीता चंद्रा और न्यायमूर्ति बृजराज सिंह की खंडपीठ ने याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि ट्रेलर और गीत में कोई भी आपत्तिजनक या अपमानजनक तत्व नहीं है। इसलिए फिल्म की रिलीज़ रोकने की कोई वजह नहीं है। साथ ही कोर्ट ने यह भी बताया कि याचिकाकर्ताओं ने पहले किसी सक्षम प्राधिकरण या डिजिटल पब्लिशर के पास शिकायत दर्ज नहीं की थी, जैसा कि आईटी नियम 2021 में आवश्यक है।
Story covered by Nivedita Nand Nirala
