राजद के खिलाफ बागी तेवर दिखाते नजर आ रहे लालू के बड़े बेटे
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व राजद नेता तेज प्रताप यादव ने राजद के खिलाफ अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। RJD विधायक और पंचायत सचिव के बीच हुई बहस में राजद विधायक द्वारा पंचायत सचिव को धमकाने की बात को लेकर उन्होंने पार्टी से सवाल पूछा कि क्या पार्टी इस विधायक के खिलाफ भी कोई सख्त कार्रवाई करेगी।
उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट पर एक कार्टून साझा कर लिखा, “क्या RJD अपने विधायक भाई वीरेंद्र पर भी कार्रवाई करेगी, जिन्होंने बाबा साहेब आंबेडकर के आदर्शों के उलट SC-ST समाज के खिलाफ शर्मनाक टिप्पणी की और जान से मारने की धमकी दी?
मुझे तो जयचंदों की साज़िश के तहत पार्टी से बाहर कर दिया गया… अब देखना है कि बवाल करने वालों पर भी पार्टी उतनी ही सख्ती दिखाएगी या नहीं? संविधान का सम्मान भाषणों में नहीं, आचरण में दिखना चाहिए।”
क्या है राजद विधायक भाई वीरेंद्र और मनेर पंचायत सचिव का पूरा मामला?
RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने मनेर पंचायत सचिव संदीप भारती को फोन कॉल पर जूते से मारने की धमकी दी थी। विधायक ने पंचायत सचिव को मनर विधानसभा क्षेत्र के एक व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने को लेकर फोन किया था। पंचायत सचिव ने अभिवादन नहीं किया, तो विधायक भड़क गए और असम्मानजनक तरीके से बातचीत करते हुए धमकी दे डाली।
वहीं, पंचायत सचिव संदीप कुमार ने विधायक भाई वीरेंद्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए SC-ST थाने में आवेदन दिया है। संदीप कुमार ने कहा, “26 जुलाई को मनेर में शाम लगभग 5:30 बजे ड्यूटी पर था। इसी दौरान राजद विधायक का फोन आया। उन्होंने मुझे धमकी दी।”
“विधायक ने मुझसे एक जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी ली, जो फिलहाल प्रक्रियाधीन है। उन्होंने फोन रखते समय अंत में कहा कि यहां ट्रांसफर के फेर में मत रहो, यहां दूसरा कुछ भी हो सकता है। अब वो मुझे जान से मरवा देंगे या क्या कराएंगे, वो जाने।”
“लेकिन मुझे इस फोन कॉल के बाद डर लग रहा है। DM को मौखिक रूप से सूचना दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि प्राथमिकी होने के बाद आपका दूसरे प्रखंड में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। ‘जूते से मारने’ जैसे शब्दों का उन्होंने इस्तेमाल किया है। इससे मेरे मन को आहत पहुंचा है।”
तेजस्वी को मैं राजनीति में लाया हूं ,वह महुआ से लड़े तो मैं राघोपुर से लड़ूंगा: तेज प्रताप यादव
पार्टी और परिवार से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद राजनीतिक लड़ाई में लालू यादव के दोनों बेटे आमने-सामने नजर आ रहे हैं। तेज प्रताप यादव लगातार राजद के खिलाफ बागी तेवर दिखा रहे हैं। चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा था, “अगर तेजस्वी महुआ से लड़ते हैं तो मैं राघोपुर विधानसभा से चुनाव लड़ूंगा। मैंने ही तेजस्वी को राजनीति में लाया है।”
वहीं दूसरी तरफ मीडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में तेजस्वी यादव ने कहा – “तेज प्रताप ऑलराउंडर हैं। दिल बनाते हैं, पायलट हैं, संत हैं, बांसुरी भी अच्छा बजाते हैं। MLA भी हैं। बड़े भाई हैं और पूरे परिवार के लिए प्रोटेक्टिव हैं। वो सब कर सकते हैं।”
25 मई को लालू ने पार्टी और परिवार से निष्कासित किया था
अनुष्का यादव के साथ फोटो वायरल होने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया और घर से भी निकाल दिया।
महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया ऐलान
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने बीते शनिवार को महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
तेज प्रताप यादव ने कहा, “टीम तेज प्रताप एक प्लेटफॉर्म है। हमारी टीम चुनाव में सभी को सपोर्ट करेगी। जो युवा पीढ़ी लड़ना चाहेगी, उन सभी को समर्थन दिया जाएगा।”
वर्तमान में महुआ विधानसभा सीट से राजद के मुकेश कुमार विधायक हैं। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में जदयू की आश्मा परवीन को हराया था। तेज प्रताप यादव वर्तमान में हसनपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
Story covered by Siddhartha Gupta

